यूपी के कौशांबी में बड़ा हादसा: टोल प्लाजा से टकराया LPG टैंकर, आग लगने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे

यूपी के कौशांबी में बड़ा हादसा: टोल प्लाजा से टकराया LPG टैंकर, आग लगने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिरोही टोल प्लाजा के पास एलपीजी से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद अनियंत्रित हुआ टैंकर टोल बूथ से जा टकराया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एलपीजी से भरा टैंकर कानपुर की ओर से गंगा पार की दिशा में जा रहा था। सुबह करीब 6:30 बजे जब वह सिरोही टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी गैस रिसाव (लीकेज) होने के कारण टैंकर में अचानक आग लग गई। आग की लपटों के बीच चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सीधे टोल बूथ में जा घुसा।

हादसे के समय टोल बूथ पर मौजूद पांच कर्मचारी आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, वहां मौजूद अन्य आठ से दस कर्मचारियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली।

घायलों की पहचान हीरामणि, आलोक, कृष्ण पाल, अतुल और गनमैन राजू के रूप में हुई है। सभी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में टोल प्लाजा के पास खड़े कर्मचारियों के कई दोपहिया और एक-दो चारपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर जल गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास करीब आधा किलोमीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply