मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी मेहताब ढेर, दरोगा दीपचंद घायल

मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी मेहताब ढेर, दरोगा दीपचंद घायल

शामली। कांधला थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के खंद्रावली पुलिस चौकी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहताब मारा गया, जबकि कांधला थाने में तैनात दरोगा दीपचंद गोली लगने से घायल हो गए। घायल दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फरार बदमाश की तलाश में सघन कांबिंग अभियान शुरू करा दिया।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि खंद्रावली पुलिस चौकी के पास दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करीब आठ राउंड गोलियां चलीं, जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश मेहताब गोली लगने से घायल हो गया। वहीं बदमाशों की गोली दरोगा दीपचंद को भी लगी।

दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मेहताब को मृत घोषित कर दिया। उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। घटनास्थल से पुलिस ने बिना नंबर की एक बाइक, 9 एमएम की पिस्टल और कई जिंदा व खोखे कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मेहताब कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य और गिरोह का सरगना था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती सहित विभिन्न धाराओं में 25 मुकदमे दर्ज थे। वह उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, मेरठ और मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में भी आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। एसपी ने बताया कि एक मार्च को उसने पानीपत में तैनात एक महिला कांस्टेबल से सोने के कुंडल लूटे थे, जबकि आदर्श मंडी क्षेत्र में किसानों से लूट की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था।

Leave a Reply