33 स्लीपर व सरकारी बसों की जांच, सुरक्षा मानकों को परखा
यात्रियों को आपात स्थिति में बचाव के उपाय बताए, चालक-परिचालकों को नियमों के पालन की हिदायत
सहारनपुर। उच्च न्यायालय के निर्देशों एवं अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस ने मंगलवार को स्लीपर एवं सरकारी बसों की विशेष चेकिंग का अभियान चलाया। अभियान के दौरान सरसावा टोल प्लाजा, जैनपुरा टोल प्लाजा और सय्यद माजरा टोल प्लाजा पर बसों की जांच की गई।
यातायात पुलिस ने अभियान के तहत कुल 33 बसों की जांच की। चेकिंग के दौरान बसों में उपलब्ध अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण सहित अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति को परखा गया। पुलिस टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बसों में मौजूद रहें।
यात्रियों को बताए बचाव के उपाय
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से संवाद किया और उन्हें किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में स्वयं के बचाव के उपायों की जानकारी दी। यात्रियों को आपातकालीन निकास और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।
चालक-परिचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश
यातायात पुलिस ने बस चालकों और परिचालकों को निर्धारित वर्दी में रहने तथा वाहन संचालन के दौरान यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी। बस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात पुलिस ने बस संचालकों और यात्रियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
