सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन

सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन
सहारनपुर में बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते एसएसपी अभिनन्दन सिंह।

एसएसपी अभिनन्दन सिंह की जोड़ी रही विजेता, खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बैडमिंटन क्लब में आयोजित तीन दिवसीय सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में पुलिस परिवारों के बच्चों, पुलिस नवागंतुकों, पुलिस ओपन वर्ग तथा राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। अलग-अलग आयु एवं वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बनाया।

विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने जीते खिताब

प्रतियोगिता के अंडर-09 वर्ग में वैभव ने प्रथम और प्रिन्स ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-13 वर्ग में दीपांशु विजेता और अक्षत उपविजेता रहे। वहीं अंडर-13 बालिका वर्ग में आराध्या ने विजेता तथा आशवी ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

अंडर-17 वर्ग में प्रभाव ने प्रथम और वैभव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुलिस महिला ओपन वर्ग में साधना विजेता और पूनम उपविजेता रहीं।

पुलिस ओपन डबल्स वर्ग में मु0आ0 सोनू एवं मु0आ0 विजय की जोड़ी ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि मु0आ0 विनोद एवं आ0 रूपेश की जोड़ी उपविजेता रही।

एसएसपी की जोड़ी ने जीता डबल्स मुकाबला

प्रतियोगिता का राजपत्रित एवं अराजपत्रित डबल्स वर्ग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मुकाबले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह एवं मु0आरक्षी सोनू की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। सीटीओ सूरज कुमार एवं मु0आ0 विजय की जोड़ी उपविजेता रही।

समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों में खेल भावना, फिटनेस तथा आपसी समन्वय को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply