विकास कार्यों में इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता महत्वपूर्ण: महापौर

विकास कार्यों में इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता महत्वपूर्ण: महापौर
सहारनपुर में इंजीनियर्स डे मनाते महापौर, पार्षद एवं नगर निगम के अभियंता।

महापौर ने निगम इंजीनियरों के साथ केक काटकर मनाया इंजीनियर्स डे

सहारनपुर। नगर निगम में इंजीनियर्स डे के अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने निगम के अभियंताओं एवं पार्षदों के साथ केक काटकर दिवस मनाया। उन्होंने निर्माण एवं जलकल विभाग के अभियंताओं और तकनीकी अधिकारियों को उनके समर्पण एवं योगदान के लिए बधाई देते हुए इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं दीं।

महापौर ने महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र सहित निगम के अभियंताओं को केक खिलाया। इस दौरान उन्होंने देश के महान अभियंता एवं भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि सहारनपुर के सुनियोजित और सर्वांगीण विकास में निगम के अभियंताओं तथा तकनीकी टीम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि शहर में मजबूत सड़कों, बेहतर जल व्यवस्था, नालियों और अन्य विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में इंजीनियरों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और अनुभव महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इंजीनियरिंग केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर के भविष्य की मजबूत आधारशिला तैयार करने का कार्य भी करती है।

महापौर ने कहा कि इंजीनियर्स डे देश के विकास, तकनीकी प्रगति और मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण में इंजीनियरों के योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निगम के सभी अभियंताओं एवं तकनीकी अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार एवं मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने भी निगम के अभियंताओं की ओर से महापौर को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में एई मदन पाल, अधिशासी अभियंता जलकल विजय बहादुर सिंह, जलकल एई पवन कुमार, ललित गर्ग, अनूप कुमार, अनुज कुमार सहित नगर निगम के जेई, पूर्व सभापति मुकेश गक्खड़, पार्षद राजू जाटव, वीरेंद्र उपाध्याय, सोपिन पाल, राजकुमार शर्मा, कपिल धीमान, राजेंद्र सिंह कोहली, चौधरी वीर सिंह सिद्धू, पार्षद प्रतिनिधि नीरज दिवाकर एवं अक्षु छाबड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply