नगरायुक्त ने तीन समस्याओं का कराया तत्काल निस्तारण
जनसुनवाई में पहुंची 11 शिकायतें, अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि ने लोगों की समस्याएं सुनीं और तीन शिकायतों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण कराया। वहीं, अन्य शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में वार्ड 61 आजाद कॉलोनी निवासी शाहनवाज ने राणा पैलेस वाली गली में सफाई कराने की मांग की। इसी तरह वार्ड 13 आईटी ऑफिस निवासी जितेंद्र कुमार ने ट्रांसपोर्ट नगर के सामने नाली की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। नगरायुक्त ने दोनों शिकायतों पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई मित्रों को मौके पर भेजकर सफाई कार्य कराया और समस्या का तत्काल समाधान कराया।
वार्ड 16 साउथ सिटी निवासी दीपक गोयल ने कॉलोनी में बढ़ी हुई घास कटवाने की शिकायत की। नगरायुक्त ने तत्काल उद्यान प्रभारी को निर्देशित किया, जिसके बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर घास की कटाई कराई गई।
इसके अलावा वार्ड 58 मोहल्ला कायस्थान निवासी मुकेश जैन, वार्ड 35 बेहट रोड वाल्मीकि बस्ती निवासी दीपचंद, वार्ड 48 आवास विकास दिल्ली रोड निवासी सतीश कुमार, वार्ड 11 मवींकलां निवासी स्वतंत्रपाल, वार्ड 38 न्यू भगवती कॉलोनी निवासी संजय जैन तथा वार्ड 13 गोविंद विहार जनता रोड निवासी मुकेश कुमार ने अपने-अपने क्षेत्रों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायत की। इस पर नगरायुक्त ने पथप्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 11 समस्याएं प्राप्त हुईं। नगरायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और लोगों को समयबद्ध तरीके से राहत दिलाई जाए।
इस दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव एवं मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे एवं जेपी यादव, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
