जर्जर प्राथमिक विद्यालय और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग

जर्जर प्राथमिक विद्यालय और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग
सहारनपुर में कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते आसपा कार्यकर्ता।

आसपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। विकासखंड पुंवारका के ग्राम बालेली स्थित प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर विद्यालय की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व सहारनपुर देहात विधानसभा अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुनील भीम ने किया। उन्होंने कहा कि ग्राम बालेली स्थित प्राथमिक विद्यालय लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। विद्यालय के मुख्य मार्ग पर गंदगी फैली हुई है, जबकि विद्यालय भवन भी काफी जर्जर हो चुका है। विद्यालय के तीनों ओर जोहड़ होने के कारण बारिश के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय के कुछ कमरे पहले ही जोहड़ में गिर चुके हैं, जबकि भवन के अन्य हिस्से भी दुर्घटना की दृष्टि से असुरक्षित हैं। जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को विद्यालय तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जर्जर भवन के चलते बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है।

सुनील भीम ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर विद्यालय का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। भवन की स्थिति के अनुसार उसकी मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि जो कमरे जोहड़ में गिर चुके हैं, उनके स्थान पर नए कमरों का निर्माण कराया जाए। साथ ही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सुरक्षित बांध, सुरक्षा दीवार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएं, ताकि बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में पानी न भर सके।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विद्यालय की समस्याओं का शीघ्र समाधान बच्चों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। ज्ञापन में ग्राम बालेली के समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में आसपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply