भोजशाला विवाद को लेकर धार बंद का ऐलान, लालबाग में जुटेगा हिंदू समाज

भोजशाला विवाद को लेकर धार बंद का ऐलान, लालबाग में जुटेगा हिंदू समाज

धार: मध्य प्रदेश के धार में ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर विवाद एक बार फिर गरमाता नजर आ रहा है। भोजशाला की व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों को लेकर नाराज हिंदू समाज ने आज दोपहर तक धार बंद का आह्वान किया है। बंद से पहले हिंदू समाज के लोग लालबाग में एकत्र होंगे और इसके बाद शहर में बंद को लेकर लोगों से सहयोग की अपील करेंगे। बंद के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी जाएंगी।

भोजशाला की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी

हिंदू संगठनों का आरोप है कि भोजशाला से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी को लेकर संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है। हिंदू समाज ने आम लोगों और व्यापारियों से बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

एक ही रास्ते और सीमा निर्धारण को लेकर विवाद

विवाद का एक प्रमुख मुद्दा भोजशाला में पूजा और नमाज के लिए आने-जाने के रास्ते तथा संरक्षित स्मारक की सीमा का स्पष्ट निर्धारण नहीं होना बताया जा रहा है। हिंदू पक्ष का कहना है कि भोजशाला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन संरक्षित स्मारक है, ऐसे में व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्टता जरूरी है। संगठनों ने अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठाए हैं।

भोजशाला को आस्था और अधिकार से जोड़कर देख रहा हिंदू समाज

हिंदू समाज की ओर से जारी अपील में भोजशाला को आस्था, अस्मिता और अधिकारों से जुड़ा विषय बताया गया है। समाज के लोगों से एकजुट होकर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की गई है। संगठनों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी उनके पूर्वजों ने संघर्ष किया है और वे चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों को दोबारा ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुई जुमे की नमाज

भोजशाला विवाद के बीच हाल में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत शुक्रवार की नमाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। मुस्लिम समुदाय को भोजशाला से सटे दरगाह परिसर में शुक्रवार दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच नमाज की अनुमति दी गई है। इसके लिए सर्वे नंबर 612 की जमीन को वैकल्पिक स्थान के तौर पर चुने जाने की जानकारी सामने आई थी।

इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भोजशाला-कमाल मौला परिसर से जुड़ा मामला भी चर्चा में रहा है। इसी पूरे विवाद को लेकर धार में हिंदू संगठनों की ओर से बंद का आह्वान किया गया है और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखने की तैयारी है।

Leave a Reply