जावर पुलिस ने करोंद से चार चोरों को पकड़ा, 3 लाख के डिजिटल कैमरे बरामद
जावर पुलिस ने ग्वाली रोड स्थित सोनी स्टूडियो में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी भोपाल के करोंद इलाके से पकड़े गए हैं। पुलिस ने उनके पास से चार डिजिटल कैमरे और दो हार्ड डिस्क बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है।
चोरी की घटना 29 अगस्त 2026 की रात को हुई थी, जब चोरों ने स्टूडियो का ताला तोड़कर सामान चुराया था। इस मामले में फरियादी शुभम सोनी की शिकायत पर जावर थाने में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में चिराग पाठक (21), अभिषेक कुशवाह (24), भारत अहिरवार (24) और मोहम्मद अजहर उद्दीन (27) शामिल हैं। सभी आरोपी करोंद के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद अजहर उद्दीन ने चोरी का एक कैमरा 15 हजार रुपए में खरीदा था।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार सूर्यवंशी और उनकी टीम के अन्य सदस्यों के साथ-साथ सीहोर साइबर सेल के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
