23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मेरठ में होगी मतगणना
सहारनपुर में स्नातक के 22,778 और शिक्षक के 4,421 मतदाता करेंगे मतदान
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलक्ट्रेट के नवीन सभागार में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सलिल कुमार पटेल ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मेरठ में मतगणना कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर में स्नातक निर्वाचन के लिए 19 मतदान केंद्रों पर 80 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इन पर कुल 22,778 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं शिक्षक निर्वाचन के लिए 14 मतदान केंद्रों पर 15 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां 4,421 मतदाता मतदान करेंगे।
सीडीओ ने सभी 13 निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण जनमंच प्रेक्षागृह में कराने तथा प्रत्येक मतदान पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय रखने तथा मतदान स्थलों तक परिवहन व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सील्ड मतपेटिकाओं को सुरक्षित रूप से मेरठ पहुंचाने के लिए जीपीएस युक्त बंद बॉडी कंटेनर की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
सीडीओ ने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए सफेद और शिक्षक निर्वाचन के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के साथ वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निर्वाचन के लिए नियुक्त प्रेक्षकों के प्रोटोकॉल, आवास, भोजन एवं वाहन सहित अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिकायत प्रकोष्ठ एवं कंट्रोल रूम को 24 घंटे तीन शिफ्टों में संचालित करने तथा प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर संबंधित सूचनाएं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ को भेजने को कहा गया।
