वेस्ट यूपी में पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण किया गया

वेस्ट यूपी में पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण किया गया
सहारनपुर में हृदय प्रत्यारोपण की जानकारी देते डॉ. अजय कौल।

क्रोनिक हार्ट फेलियर से पीड़ित 56 वर्षीय मरीज को मिला नया जीवन

सहारनपुर। कार्डियक केयर के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए फोर्टिस हॉस्पिटल, नोएडा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा क्षेत्र में पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण किए जाने की जानकारी दी है। अस्पताल के अनुसार, 56 वर्षीय मरीज तपस कुमार डे का सफल हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया, जिसके बाद उन्हें नया जीवन मिला है।

अस्पताल के मुताबिक, डॉ. अजय कौल, चेयरमैन-कार्डियक साइंसेज, फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा के नेतृत्व में मल्टीडिसिप्लिनरी टीम ने यह जटिल सर्जरी पूरी की। मरीज तपस कुमार डे पिछले कई वर्षों से क्रोनिक हार्ट फेलियर से पीड़ित थे। बीमारी के कारण उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ता था और सांस फूलने की गंभीर समस्या बनी रहती थी। दवाओं से भी उनकी स्थिति नियंत्रित नहीं हो पा रही थी।

डॉ. अजय कौल ने बताया कि मरीज का हृदय बेहद कमजोर हो चुका था और उपलब्ध दवाओं एवं अन्य उपचारों से अपेक्षित सुधार की संभावना नहीं थी। ऐसी स्थिति में हृदय प्रत्यारोपण ही उनके उपचार का प्रमुख विकल्प रह गया था।

फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा के रीजनल डायरेक्टर मोहित सिंह ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा क्षेत्र में पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यह जटिल प्रक्रिया डॉक्टरों, क्रिटिकल केयर स्टाफ, ट्रैफिक पुलिस तथा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से संभव हो सकी। डोनर हार्ट को निर्धारित समय में अस्पताल तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर सहयोग किया गया।

उन्होंने अंगदान करने वाले परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार द्वारा अंगदान का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है। अस्पताल प्रबंधन ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

अस्पताल की ओर से बताया गया कि इस सफल प्रत्यारोपण में NOTTO (नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन) का भी सहयोग रहा।

Leave a Reply