UP: फीरोजाबाद में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर की हत्या, लोगों में आक्रोश

UP: फीरोजाबाद में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर की हत्या, लोगों में आक्रोश

फीरोजाबाद । उत्तर प्रदेश के फीरोजाबाद जिले में शुक्रवार रात भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता दयाशंकर अपनी परचून की दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक पर आए तीन युवकों में से एक ने उन पर फायर झोंक दिए। आगरा में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया, जो देर रात तक जारी रहा। एसपी सिटी समेत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया है। शुक्रवार रात हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। हत्या के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता मानी जा रही है।

यह घटना टूंडला विधानसभा क्षेत्र की है। दयाशंकर गुप्ता नगला बीच कस्बे के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष हैं। नगला बीच कस्बा में चौराहे पर उनकी परचून की दुकान है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी एक बाइक उनकी दुकान के सामने आकर रुकी। बाइक सवार तीन में से एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने दयाशंकर पर दो फायर झोंक दिए। इसके बाद तीनों युवक भाग गए।

परिवार वाले दयाशंकर को आगरा ले गए। उधर, गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। कई थानों का फोर्स लेकर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जैसे-तैसे जाम खुलवाया। इसकी बीच दयाशंकर की आगरा में मौत हो जाने की खबर आ गई। इस पर लोगों ने फिर जाम लगा दिया। देर रात तक जाम लगा हुआ था। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने बताया कि बाइक सवार हमलावरों की तलाश कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

भाजपा नेता की मौत की खबर लगते ही नगला बीच में व्यापारियों ने एकत्र होकर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी होते ही एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्रा समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। वहीं हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया। परिजनों ने बताया कि उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के नामांकन से वापस लौटने के बाद दयाशंकर अपनी दुकान पर बैठे थे। दुकान बंद करते समय हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी ने कहा कि नगला बीच के पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष की हत्या एक जघन्य घटना है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजे। इस तरह की घटनाएं फिर न हों इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे