ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, दो युवकों की दर्दनाक मौत
सहारनपुर। थाना बेहट क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया जिसके चलते दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली बेहट इलाके के गांव बुबका गांव निवासी आशु उर्फ सरवन (23) और अमित (36) शनिवार को बाइक से सहारनपुर की ओर से कलसिया की तरफ आ रहे थे। बताया गया कि कलसिया गांव में सरकारी सोसायटी के सामने पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक लेकर भागने की कोशिश कर रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर ट्रक सहित पकड़ लिया। दोनों की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल जितेन्द्र कुमार दीखित ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
