श्री हरि दर्शन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी

श्री हरि दर्शन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी
सहारनपुर में श्री हरिदर्शन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ करते अतिथिगण।

सहारनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को महानगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। चिलकाना रोड स्थित श्री हरि दर्शन मंदिर सनातन धर्म सभा की ओर से मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

शाम को मुख्य समारोह का शुभारंभ सहारनपुर जिला उद्योग व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मंदिर के प्रवेश द्वार पर फीता खोलकर किया। मंदिर समिति की ओर से कर्नल संजय मिड्ढा, उनके परिवार तथा महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह के परिवार का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। दोनों अतिथियों ने परिवार सहित भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। कर्नल संजय मिड्ढा ने मंदिर से जुड़ी बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि उनका इस मंदिर से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। बचपन में वह जन्माष्टमी पर यहां श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण कर कार्यक्रम में शामिल होते थे। उन्होंने आयोजन के लिए मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, धर्म, सत्य और कर्तव्य का संदेश दिया। श्री हरि दर्शन मंदिर आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता का केंद्र है। उन्होंने मंदिर कमेटी को जन्माष्टमी समारोह के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान कर्नल संजय मिड्ढा के पिता कृष्ण लाल मिड्ढा ने मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण कार्य शुरू होते ही यह राशि मंदिर को प्रदान की जाएगी। घोषणा का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम में ताज होटल के मालिक व परिवार, भाजपा नेता हेमंत अरोड़ा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, समाजसेवी शीतल टंडन, पूर्व पार्षद मानसिंह, पार्षद नीरज शर्मा, पार्षद गौरव जैन समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सभा के पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।

Leave a Reply