लायन्स क्लब सेंट्रल ने किया शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन
सहारनपुर। लायन्स क्लब सेंट्रल की ओर से भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गुरुनानक बॉयज इंटर कॉलेज के पांच शिक्षकों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद कॉलेज के शिक्षक सरदार बलजीत सिंह, श्रीमती इंद्रजीत कौर, श्रीमती शुभलेश चौहान, श्रीमती पवनदीप कौर और श्री हेम सिंह को माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ला. आदित्य गुप्ता की ओर से प्रदान किए गए सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष मंजीत सिंह और रीजन चेयरमैन अनुज जैन ने कहा कि गुरु का शिष्य के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। जीवन में सही और गलत का निर्णय लेने तथा सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा गुरु के ज्ञान से मिलती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुम्हार कच्ची मिट्टी को आकार देकर घड़ा बनाता है, उसी प्रकार शिक्षक भी अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करता है तथा उनके जीवन से अज्ञानता का अंधकार दूर करता है।
पूर्व रीजन चेयरपर्सन डी.एस. जुनेजा और विद्यालय प्रबंधक सरदार जसवंत सिंह बत्रा ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है। भारतीय परंपरा में गुरु को अत्यंत सम्माननीय स्थान प्राप्त है, क्योंकि गुरु ही व्यक्ति को सही मार्ग दिखाकर जीवन के उद्देश्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष मंजीत सिंह, रीजन चेयरपर्सन अनुज जैन, कोषाध्यक्ष सुनील पुरी, डी.एस. जुनेजा, संजय भसीन, हरप्रीत सिंह गोगिया, प्रबंधक सरदार जसवंत सिंह बत्रा, प्रधानाचार्य मोहन सिंह चौहान, सरदार अजेंद्र सिंह, रंजीव सिंह प्रेमी, गुरमीत सिंह चावला, जगजीत सिंह, अतर सिंह, मनोज सैनी, रेनू वर्मा सहित कॉलेज के शिक्षक, छात्र एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
