Tejashwi Yadav Birthday: मतदान के बाद मिटने लगी कड़वाहट, आरएलएसपी प्रमुख ने तेजस्वी को दी जन्मदिन की बधाई

Tejashwi Yadav Birthday: मतदान के बाद मिटने लगी कड़वाहट, आरएलएसपी प्रमुख ने तेजस्वी को दी जन्मदिन की बधाई

पटना ।  बिहार विधानसभा चुनाव-2020 के मतदान के बाद कड़वाहट मिटने लगी है। प्रचार के दाैरान प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे पर खूब हमले कर रहे थे। अब माैन रहकर परिणाम की प्रतिक्षा कर रहे हैं। 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आएगा। इस बीच राजद की तरफ से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव के जन्म दिन ने राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच तल्खी को कम करने का एक माैका दे दिया है। आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर तेजस्वी यादव को जन्म दिन की बधाई दी है।

बिहार विधानसभा चुनाव-2020 से पहले आरएलएसपी राजद महागठबंधन का हिस्सा थी। लेकिन राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने सीट बंटवारा में आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भाव नहीं दिया। इसके बाद कुशवाहा महागठबंधन से अलग हो गए। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी और बसपा समेत पांच दलों का गठबंधन बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा। प्रचार के दाैरान कुशवाहा ने जदयू और राजद महागठबंधन दोनों को निशाने पर लिया। मतदान के बाद एग्जिट पोल में तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को बहुमत मिलते हुए दिखाया गया है। उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर तेजस्वी यादव को जन्म दिन की बधाई दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा-बिहार के युवा नेता

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने सोमवार को नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। मांझी ने ट्वीट कर कहा कि जन्मदिन की बधाई बिहार के युवा नेता। विधानसभा चुनाव के दाैरान मांझी की पार्टी हम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले भाजपा-जदयू गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बधाई का इंतजार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को अब तक जन्म दिन की बधाई नहीं दी है। बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच ही मुकाबला है। एग्जिट पोल में तेजस्वी की बढ़त दिखाया गया है। तेजस्वी के जन्म दिन पर मुख्यमंत्री द्वारा बधाई नहीं देने पर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चा है। बड़ा सवाल यह है कि क्या नीतीश कुमार अपने राजनीतिक विरोधी तेजस्वी को जन्म दिन की बधाई देंगे।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे