दिल्ली में आज धूप और गर्मी करेगी परेशान, अगले 2 दिनों बाद बदलेगा मौसम
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर उमस और गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार 9 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। इससे एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। गुरुवार 10 सितंबर को भी बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि, शुक्रवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज तेज धूप करेगी परेशान
IMD के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहने के साथ हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर बना रहेगा। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिन के समय उत्तर-पश्चिमी हवाएं 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। ऐसे में धूप के साथ गर्म हवाओं का असर भी महसूस हो सकता है।
अगले दिनों में गिर सकता है तापमान
राजधानी में इस सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री तक अधिक रहा। दिन में पश्चिमी हवाओं की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रही। वहीं, पालम में सुबह करीब 9:30 बजे हवा की गति 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
