काशी से आज शुरू होगा प्रदेशव्यापी पोषण माह, ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम

काशी से आज शुरू होगा प्रदेशव्यापी पोषण माह, ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम
सीएम योगी वाराणसी दौरा

अन्नपूर्णा देवी करेंगी उद्घाटन, सीएम योगी समेत कई मंत्री रहेंगे मौजूद

वाराणसी। प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ के विजन के तहत बुधवार को काशी से प्रदेशव्यापी पोषण माह का शुभारंभ होगा। 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस 30 दिवसीय अभियान का उद्घाटन सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सुबह 11 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर दो बजे तक चलेगा।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी पोषण माह का उद्घाटन करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य भी मौजूद रहेंगी।

‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम

इस बार पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। विधानसभा चुनाव से पहले काशी से शुरू हो रहे इस अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की भी उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री चार प्रमुख थीम की शुरुआत करेंगे। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन शामिल हैं।

कार्यक्रम का वेबकास्ट भी किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में 9 सितंबर को सुबह 11 बजे से webcast.gov.in/mwcd के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा जा सकेगा।

जिलों में बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, लाभार्थी और उनके अभिभावक कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों के खातों में योजना के अनुसार प्रोत्साहन राशि भी स्थानांतरित कर सकते हैं।

सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय काशी दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सीधे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जाएंगे। यहां केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री करीब साढ़े 12 बजे श्री कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस जाएंगे। दोपहर करीब ढाई बजे बाबतपुर स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री बाबतपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply