युवक का बाइक तले दबा शव मिलने फैली सनसनी
रामपुर मनिहारान [24CN]। कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत गांव खटका हेड़ी से भांकला जाने वाले मार्ग पर स्थित शराब ठेके के पास एक युवक का शव बाइक से दबा मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत गांव खटकाहेड़ी से भांकला जाने वाले मार्ग स्थित शराब ठेके के पास एक बाइक सहित अचेक अवस्था में युवक को पड़ा देखकर ग्रामीणों में हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची तथा युवक को देखा तो वह मृत पाया गया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त गांव घाटेड़ा निवासी 45 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू पुत्र अजब सिंह के रूप में की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर राजकुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक राजकुमार के भाई मंगल सिंह ने बताया कि राजकुमार देर सायं बाइक लेकर किसी काम के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने आसपास के स्थानों पर उसकी तलाश की थी परंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा था। सुबह होने पर जब राजकुमार घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने पुन: उसकी खोजबीन की। इसी दौरान फोन पर पता चला तो उनके होश उड़ गए। वह आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचे तथा मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में की।
कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक शराब पीन ेका आदी था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से राजकुमार की मौत हुई है। मौत के कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मिल सकेगी।
