राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत राय के इस्तीफे की चर्चा तेज, नैतिक जिम्मेदारी तय होने के संकेत
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद कार्रवाई का दौर तेज हो गया है। इस मामले में नामजद सभी आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना पड़ सकता है। सूत्रों का यह भी दावा है कि ट्रस्ट से जुड़े अनिल मिश्रा को भी पद छोड़ना पड़ सकता है।
हालांकि, यह उल्लेखनीय है कि चंदा चोरी मामले में दर्ज एफआईआर में न तो चंपत राय का नाम शामिल है और न ही अनिल मिश्रा का। इसी वजह से यह सवाल उठने लगे थे कि क्या एसआईटी की जांच में दोनों को किसी तरह की राहत मिली है। लेकिन अब सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि चंदा व्यवस्था में हुई कथित लापरवाही की नैतिक जिम्मेदारी तय होने के बाद इस्तीफे की नौबत आ सकती है।
एसआईटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि चढ़ावे की निगरानी व्यवस्था में गंभीर कमियां थीं और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का प्रभावी ढंग से पालन नहीं किया गया, जिसके कारण कथित चोरी की घटना संभव हो सकी। इसी आधार पर जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही जा रही है।
उधर, मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
चढ़ावा चोरी मामले में कौन-कौन गिरफ्तार?
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चंपत राय के करीबी बताए जाने वाले रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव भी शामिल हैं। इसके अलावा टिन्नू यादव के भतीजे मनीष यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लवकुश मिश्रा और उसके रिश्तेदार अनुकल्प मिश्रा को भी हिरासत में लिया है। वहीं, चढ़ावे की नकदी गिनती और निगरानी व्यवस्था से जुड़े सुभाष श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन पर कैश काउंटिंग की निगरानी की जिम्मेदारी होने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकांश आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। हालांकि, रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव शुरुआती कार्रवाई के दौरान पुलिस की पकड़ से बाहर था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस सभी आठ आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।
