‘पराया धन अपना’, अखिलेश के PDA पर बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े का तंज
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े शनिवार को पार्टी के नव-नियुक्त राज्य प्रभारी के रूप में पहली बार उत्तर प्रदेश का दौरे पर आए हुए हैं. इस बीच लखनऊ बीजेपी कार्यालय में विनोद तावड़े बीजेपी पदाधिकारियों से परिचयात्मक बैठक ले रहे है. बताया जा रहा है कि रविवार (6 सितंबर) को भी बैठकों का दौर जारी रहेगा.
बैठक के दौरान विनोद तावड़े ने अखिलेश यादव के पीडीए पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, “पीडीए का मतलब पराया धन अपना.” विनोद तावड़े ने आगे कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी विश्व का सबसे बड़ा दल बना है. वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी के विकास की रफ्तार को बढ़ाने वाले है.”
यूपी चुनाव को लेकर विनोद तावड़े का बड़ा बयान
यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी स्थिति साफ की है. उनका कहना है कि यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देशन में आने वाला विधानसभा चुनाव एनडीए के कार्यकर्ता ताकत से लड़कर जीतेंगे. इसके साथ ही फिर से अगले 5 साल यूपी की जनता के लिए अपने आप को समर्पित करेंगे.
विनोद तावड़े ने बड़ा दावा करते हुए यह भी कहा कि सपा के पीडीए को हम नाकामयाब करेंगे. इस दौरान उन्होंने अखिलेश के पीडीए का फुलफार्म भी बता दिया है. बता दें कि यूपी चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी सियासी बिसात बिछाने में लगे हुए हैं. इसी क्रम में यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने भी पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की है.
सीएम और डिप्टी सीएम से भी करेंगे बातचीत
अपनी नई भूमिका में पहली यात्रा के दौरान, तावड़े उत्तर प्रदेश में राजनीतिक, चुनावी और संगठनात्मक गतिशीलता का आकलन करने और 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी के लिए आगे की राह पर विचार-विमर्श करने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेंगे.
बीजेपी नेता अपनी यात्रा के दौरान दो सत्रों में बैठकें करेंगे. वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगे.
