विपक्षी दलों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा, धरने पर बैठे राहुल और प्रियंका गांधी

विपक्षी दलों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा, धरने पर बैठे राहुल और प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। वोटर लिस्ट में कथित हेरफेर के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहीं धरने पर बैठ गए। बाद में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर कथित बदलाव किए गए हैं। प्रदर्शनकारी CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मार्च के दौरान सांसदों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बैरिकेडिंग कर रोका गया विपक्ष का मार्च

चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर बढ़ रहे इंडी गठबंधन के मार्च को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। इसी दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में शामिल सांसदों ने ‘वोट चोर’ समेत कई नारे लगाए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी बाद में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को मतदाता सूची से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

विपक्षी नेताओं ने क्या कहा?

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को अब भरोसा हो गया है कि वह भरोसेमंद व्यक्ति नहीं हैं।

समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि यदि लोगों के वोट मिटा दिए जाएं और बड़े पैमाने पर वोट हटाकर सत्ता हासिल कर ली जाए तो लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे के खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है।

कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से चुनाव आयोग सरकार की कठपुतली की तरह काम कर रहा है, वह स्वीकार्य नहीं है।

वहीं, सपा सांसद इकरा हसन ने दावा किया कि एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 14 मौकों पर आम सहमति से फैसला नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले दिन से CEC ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

विपक्ष के मार्च और प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद आरएसएस की यूनिफॉर्म पहने CEC ज्ञानेश कुमार के कटआउट लेकर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की आवाजाही पर नजर रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply