‘पहले अपना नेम टैग लगाओ…’ दिल्ली पुलिस की पत्रकारों के लिए एडवाइजरी पर दीपके का तंज

‘पहले अपना नेम टैग लगाओ…’ दिल्ली पुलिस की पत्रकारों के लिए एडवाइजरी पर दीपके का तंज

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की है. ये एडवाइजरी तब जारी की गई है जब महिला पत्रकारों ने प्रोटेस्ट के बाद कुछ पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. इस एडवाइजरी पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने तंज कसा है. उन्होंने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शन के दौरान अपना नेम टैग पहनने को कहा है.

अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी का पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ”पहले अपना नेम टैग लगाओ.”

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके कहा, स्टोरी मायने रखती है, लेकिन उसे हासिल करने का तरीका भी मायने रखता है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि प्रदर्शन की कवरेज के लिए पत्रकार अपने संस्थान की ओर से जारी वैध पहचान पत्र जरूर साथ रखें. इसके अलावा वैध पीआईबी या डीआईपी मान्यता कार्ड रखने वाले पत्रकार भी साथ रख सकते हैं.

कार्रवाई में नहीं बने बाधा

एडवाइजरी में पत्रकारों से कहा गया है कि प्रोटेस्ट की कवरेज के दौरान उनकी मौजूदगी से पुलिस के कामकाज और कानून व्यवस्था संभाल रहे जवानों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए. दिल्ली पुलिस ने ये भी कहा है कि तनावपूर्ण हालात में पत्रकार ऐसी जगह खड़े हों जहां उनकी पहचान प्रदर्शनकारियों से अलग स्पष्ट रूप से हो सके.

पत्रकारों ने लगाए आरोप

दिल्ली पुलिस की ये एडवाइजरी तीन महिला पत्रकारों की  शिकायतों के कुछ दिन बाद आई है. इन पत्रकारों ने तीन अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. इन आरोपों के बाद कई स्वतंत्र पत्रकारों ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले में कार्रवाई की मांग की थी.

Leave a Reply