दिवाली पर अभिजीत दीपके ने PM मोदी को दिया मैसेज, बोले- ‘मुझे समझ नहीं आता…’
कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों बड़े नेताओं ने दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं. अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बधाई देते हुए और दिवाली मनाते हुए फोटो भी शेयर कीं. अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ में दिए भाषण की आलोचना की.
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि “त्योहार प्यार और खुशियां फैलाने के लिए होते हैं, न कि नफरत और बंटवारा फैलाने के लिए. इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वे पहले प्रधानमंत्री मोदी के दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ में दिए बयान को सुनाते हैं, जिसमें प्रधानमंत्री कहते हैं कि “कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में दिमागी नक्सलों ने घुसपैठ कर ली है.”
प्रधानमंत्री के बयान की आलोचना
प्रधानमंत्री के बयान पर दीपके ने कहा कि “मैं अभी थोड़ी देर पहले बाहर से आया, जहां सब लोग आपस में खुशियां मना रहे थे और मिठाइयां बांट रहे थे. तभी मैंने प्रधानमंत्री का यह वीडियो देखा. आज जब पूरा देश अपना सबसे बड़ा त्योहार दिवाली की खुशियां मना रहा है. सभी धर्मों के लोग एक साथ मिलकर खुशियां मन रहे हैं, तब हमारे देश के प्रधानमंत्री वही नफरती और राजनीतिक बातें कर रहे हैं, जो वे आमतौर पर अपनी राजनीतिक रैलियों में करते हैं.”
उन्होंने कहा कि “मुझे समझ नहीं आता कि इस मौके पर भी प्रधानमंत्री ऐसी नफरती बातें कैसे कर सकते हैं. हमारे त्योहार प्रेम, जुड़ाव, भाईचारा आदि को फैलाने के लिए हैं. जरूरत नहीं है इस तरह की नफरती बातें करने की. इन भाषणों से बचना चाहिए जो कि कुछ काम के नहीं हैं बस समाज को आपस में बांटने का काम करते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि “त्योहार के दिन राजनीति और ऐसे भाषण नहीं होने चाहिए.”
रांका और सौरव ने भी दी बधाईयां
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने ‘X’ पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि “बुराई पर अच्छाई की जीत हमेशा होती है. आप सभी को दिवाली की बहुत बहुत शुभकामनाएँ!” साथ ही, सौरव दास ने भी ‘x’ पर फोटो डालकर दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, हैप्पी दिवाली.
तीनों नेताओं को कुछ समय पहले ही SIR और CEC के मुद्दे पर हुए आंदोलनों के समय जेल जाना पड़ा था, जिसके बाद तीनों को पर्सनल बॉन्ड साइन करने के बाद ही रिहाई मिली थी.
