दिवाली के बाद भी दिल्ली की हवा जहरीली, AQI 366 पर पहुंचा; कई इलाकों में 400 के पार

दिवाली के बाद भी दिल्ली की हवा जहरीली, AQI 366 पर पहुंचा; कई इलाकों में 400 के पार

नई दिल्ली। दिवाली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर राजधानी दिल्ली की हवा पर साफ दिखाई दे रहा है। त्योहार के बाद भी दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। सोमवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 366 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचने से स्थिति गंभीर हो गई है।

जहां दिवाली के बाद दिल्ली का औसत AQI गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं फिलहाल यह 400 से नीचे बना हुआ है। हालांकि, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच चुका है। चांदनी चौक, आईटीओ, जहांगीरपुरी, मुंडका, पंजाबी बाग, रोहिणी और विवेक विहार में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर स्तर पर दर्ज की गई।

इन इलाकों में AQI 400 के पार

दिल्ली के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, विवेक विहार में सबसे अधिक 441 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जहांगीरपुरी में 439, रोहिणी में 435, चांदनी चौक में 418, मुंडका में 413, पंजाबी बाग में 408 और आईटीओ में 404 AQI दर्ज हुआ।

अन्य इलाकों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। अलीपुर में 391, आया नगर में 378, बुराड़ी में 373, लोधी रोड में 370, आरके पुरम में 367 और द्वारका सेक्टर-8 में 361 AQI रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI

क्षेत्र AQI
विवेक विहार 441
जहांगीरपुरी 439
रोहिणी 435
चांदनी चौक 418
मुंडका 413
पंजाबी बाग 408
आईटीओ 404
अलीपुर 391
पूसा 383
नरेला 382
आया नगर 378
बुराड़ी 373
लोधी रोड 370
आरके पुरम 367
द्वारका सेक्टर-8 361
आईजीआई एयरपोर्ट (टी-3) 297

स्मॉग की चादर से सांस लेना हुआ मुश्किल

राजधानी में सुबह से ही स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। इसके अंतर्गत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक लगाई गई है। स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध के साथ प्रदूषण फैलाने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

GRAP-3 के तहत लागू प्रमुख प्रतिबंध

  1. गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक।
  2. BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध।
  3. स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों को बंद रखना।
  4. नियमों का पालन नहीं करने वाले ईंट-भट्ठों पर रोक।
  5. अंतरराज्यीय डीजल बसों के संचालन पर प्रतिबंध, निर्धारित छूट के अधीन।
  6. प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक गतिविधियों पर नियंत्रण।
  7. प्राथमिक कक्षाओं के लिए ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प लागू करना।

प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी

डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि प्रदूषण का स्तर कम होने तक लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतनी चाहिए। बाहर जाना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला N95 या समकक्ष मास्क पहनें।

इसके अलावा सुबह-शाम की सैर और खुले में व्यायाम करने से बचें। घर में सूखी झाड़ू लगाने के बजाय गीले पोछे का इस्तेमाल करें। खिड़की-दरवाजे बंद रखें, पर्याप्त पानी पीएं और कचरा या प्लास्टिक न जलाएं। सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करके भी वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद की जा सकती है।

Leave a Reply