दिवाली के बाद यूपी में प्रदूषण का कहर, कई शहरों में AQI 400 के पार; जानें नोएडा-गाजियाबाद का हाल

दिवाली के बाद यूपी में प्रदूषण का कहर, कई शहरों में AQI 400 के पार; जानें नोएडा-गाजियाबाद का हाल

लखनऊ। दिवाली का जश्न खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है। प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार दर्ज किया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 400 से भी अधिक हो गया है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

AQI.in के रियल टाइम आंकड़ों के मुताबिक, आगरा में AQI 310, अकबरपुर में 440, अलीगढ़ में 319, इलाहाबाद में 633 और अमेठी में 304 दर्ज किया गया है। इसी तरह बागपत में 477, बहराइच में 575 और बरेली में 312 AQI रिकॉर्ड किया गया है।

इसके अलावा बदायूं में AQI 330, बुलंदशहर में 333, एटा में 313, इटावा में 366, फैजाबाद में 781 और फतेहपुर सीकरी में 325 दर्ज किया गया है। इन आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर तक पहुंच गई है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में कितना है AQI?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में भी प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। CPCB के मुताबिक, गाजियाबाद में AQI 366, नोएडा में 340 और बुलंदशहर में 371 दर्ज किया गया है।

वहीं वाराणसी में AQI 302, गोरखपुर में 261, कानपुर में 221, ग्रेटर नोएडा में 293 और हापुड़ में 255 रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, AQI.in और CPCB के आंकड़ों में अंतर देखने को मिल रहा है।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में सुबह के समय छिछला कोहरा छा सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं सुबह के समय छिछले से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है।

नवंबर की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय लोगों को ठंड महसूस हो रही है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी

वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण अधिक होने पर सुबह-शाम की सैर और खुले में व्यायाम करने से बचें। जरूरी होने पर N95 मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलें। इसके अलावा घर में धूल जमा न होने दें और कचरा या पत्तियां जलाने से बचें।

Leave a Reply