नोएल टाटा होंगे टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन, जानिए उनके अब तक के सफर के बारे में

नोएल टाटा होंगे टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन, जानिए उनके अब तक के सफर के बारे में

नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। टाटा ट्रस्ट की बैठक में इस महत्वपूर्ण फैसले पर सहमति बनी। नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और टाटा परिवार के एक प्रमुख सदस्य हैं। वे रतन टाटा के पिता नवल टाटा और उनकी दूसरी पत्नी सिमोन के बेटे हैं। नोएल टाटा के तीन बच्चे हैं—माया टाटा, नेविल टाटा, और लिया टाटा।

टाटा ट्रस्ट, टाटा ग्रुप की परोपकारी शाखा है, जिसका नेतृत्व अब तक रतन टाटा कर रहे थे। 11 अक्टूबर को मुंबई में हुई ट्रस्ट की बैठक में सर्वसम्मति से नोएल टाटा को नया चेयरमैन चुना गया। यह फैसला रतन टाटा के निधन के बाद लिया गया, जिनका बुधवार को निधन हो गया था।

रतन टाटा ने नहीं चुना था कोई उत्तराधिकारी

रतन टाटा ने कभी विवाह नहीं किया था और न ही उन्होंने टाटा ट्रस्ट के लिए कोई औपचारिक उत्तराधिकारी नामित किया था। नोएल टाटा को इस पद पर नियुक्त करना रतन टाटा के “आगे बढ़ने” के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। टाटा संस के पूर्व बोर्ड सदस्य आर. गोपालकृष्णन ने नोएल टाटा की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक “बेहद समझदार और सक्षम व्यक्ति” हैं, जो टाटा ट्रस्ट के लिए बहुत अच्छे साबित होंगे। उन्होंने कहा, “नोएल के व्यावसायिक और उद्यमशीलता कौशल से टाटा ट्रस्ट्स को बहुत लाभ होगा।”

नोएल टाटा के अब तक के प्रमुख पद

नोएल टाटा साल 2014 से ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन के पद पर कार्यरत हैं। ट्रेंट, टाटा ग्रुप का सफल परिधान खुदरा विक्रेता है, जिसके शेयरों में पिछले दशक में 6,000% से अधिक की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, नोएल टाटा 2010 से 2021 तक टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड का नेतृत्व कर चुके हैं, जहां उन्होंने कंपनी का राजस्व 500 मिलियन डॉलर से 3 बिलियन डॉलर तक बढ़ाया। वे टाटा स्टील लिमिटेड और वोल्टास लिमिटेड सहित कई टाटा कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं।

नोएल टाटा के बच्चों की भूमिका

नोएल टाटा के तीनों बच्चे भी टाटा ग्रुप से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियों को संभाल रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी, माया टाटा (34), टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड और टाटा डिजिटल से जुड़ी हैं और टाटा न्यू ऐप की लॉन्चिंग में उनका बड़ा योगदान रहा है। नेविल टाटा (32) ट्रेंट लिमिटेड के प्रमुख हाइपरमार्केट चेन स्टार बाजार का संचालन कर रहे हैं। वहीं, लिया टाटा (39) टाटा ग्रुप के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़ी हैं और ताज होटल्स रिसॉर्ट्स एंड पैलेसेस को देख रही हैं।

नोएल टाटा की नियुक्ति से टाटा ट्रस्ट को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि वे रतन टाटा की विरासत को कैसे आगे बढ़ाते हैं।


विडियों समाचार