यूपी में फिर मेहरबान होगा मानसून, अगले 24 घंटे में मौसम बदलेगा; पूर्वांचल में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

यूपी में फिर मेहरबान होगा मानसून, अगले 24 घंटे में मौसम बदलेगा; पूर्वांचल में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़े मानसून के कारण लोगों को उमस और तेज धूप का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के चलते शनिवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

गुरुवार को 10 शहरों में बरसे बादल

गुरुवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के 10 शहरों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक लखीमपुर खीरी में 62.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा महराजगंज में 32 मिमी, बाराबंकी में 28 मिमी, आगरा में 22.6 मिमी, शाहजहांपुर में 20.4 मिमी, जौनपुर में 20 मिमी, सिद्धार्थनगर में 16.4 मिमी, रायबरेली में 13.6 मिमी, सीतापुर में 11.8 मिमी और संभल में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार से पूर्वी, पश्चिमी और तराई क्षेत्रों के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कुशीनगर, आजमगढ़, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, देवरिया, कानपुर, बस्ती और अयोध्या में झमाझम बारिश की संभावना है।

वहीं गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मथुरा, अलीगढ़ और आगरा में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा और लखीमपुर खीरी समेत तराई के जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

तेज हवाएं भी चलेंगी

मौसम विभाग ने बारिश के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।