महरौली रेप-हत्याकांड: जहां की थी मासूम से दरिंदगी, ठीक उसी जगह आरोपी का हुआ एनकाउंटर

महरौली रेप-हत्याकांड: जहां की थी मासूम से दरिंदगी, ठीक उसी जगह आरोपी का हुआ एनकाउंटर

देश की राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में 10 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या करने करने वाले आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर में घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार के सुबह 4:15 बजे 10 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर लिया गया था। वारदात को अंजाम उस समय दिया गया, जब बच्ची अपने मां-बाप के साथ फुटपाथ पर सो रही थी।

कैब नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने जांच शुरू की तो एक कैब ड्राइवर द्वारा बच्ची को अगवा करने की बात सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कैब नंबर से आरोपी तक पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जांच में आरोपी ने घटना की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड से बरामद किया गया।

सुनसान जगह ले जाकर किया रेप

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस उस जगह पर आरोपी वासु को लेकर पहुंची थी, जहां पर रेप की घटना को अंजाम दिया था। महरौली थाना क्षेत्र के डेरा मंडी इलाके में सुनसान जगह पर रेप की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसी जगह पर बच्ची का गला घोंट कर मौत की नींद सुला दी और शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर लेकर जाकर फेंक दिया।

पिस्टल छीनकर की फायरिंग

आरोपी वासु बिहार का रहने वाला है। डेरा मंडी इलाके में मंगलवार शाम तकरीबन 8:00 बजे दिल्ली पुलिस घटनास्थल पर आरोपी के साथ वेरिफाई करने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी वासु ने चालाकी दिखाते हुए एक पुलिस इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद वह कस्टडी से छुड़ाकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा।

आरोपी द्वारा अचानक किए गए हमले और भागने की कोशिश के बाद दिल्ली पुलिस ने भी आत्मरक्षा और उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की तरफ से दो राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली सीधे आरोपी वासु के पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में लिया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply