UPCC कार्यकारी अध्यक्ष बने इमरान मसूद की आई प्रतिक्रिया, मुस्लिम वोट पर क्या बोले?
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) में इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. नई जिम्मेदारी मिलने पर इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने उनसे जो उम्मीदें की हैं, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने साफ कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह उसे स्वीकार करेंगे और पार्टी जहां काम करने के लिए कहेगी, वहां काम करेंगे.
इमरान मसूद ने कहा, “जो राहुल जी, प्रियंका जी का निर्णय है, जो पार्टी का निर्णय है, खड़गे साहब का निर्णय है, उसके ऊपर मेरा कोई बोलने का मतलब ही नहीं है. जहां वो मुझे लगाएंगे, मैं वहां काम करूंगा.उन्होंने जो बेहतर समझा है और जो मुझसे उम्मीद है, मैं कोशिश करूंगा कि उन उम्मीदों को पूरा करूं.”
आराधना मिश्रा को अध्यक्ष बनाए जाने पर क्या बोले?
इमरान मसूद ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा, “अच्छा है, पार्टी ने जिसे जहां उचित समझा, पार्टी ने वहां लगाया है. उसके अंदर हमारी राय थोड़ी ली जाती है.”
उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के काम की भी तारीफ की. इमरान मसूद ने कहा, “अजय राय ने निश्चित रूप से पार्टी के लिए बहुत संघर्ष किया है. पार्टी के लिए उन्होंने बहुत संघर्ष किया है और बहुत अच्छा संगठन खड़ा किया है. इसमें कोई दो राय नहीं है. लेकिन पार्टी का निर्णय होता है. पार्टी का निर्णय है, बस और कुछ नहीं.”
पंजाब में हुए बदलाव पर भी रखी बात
पंजाब में परगट सिंह को अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर इमरान मसूद कहा, “यह निर्णय राहुल जी का है. इसमें कोई कुछ नहीं बता सकता है. जो पार्टी निर्णय ले रही है, खड़गे साहब निर्णय ले रहे हैं, राहुल जी निर्णय ले रहे हैं, वही हो रहा है.”
गठबंधन पर बोले- पार्टी का दिशा-निर्देश ही मानेंगे
यूपी की मौजूदा राजनीति और गठबंधन को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि वह पार्टी के निर्देश के अनुसार ही काम करेंगे. उन्होंने कहा, “मैंने कहा ना, जो पार्टी का दिशा-निर्देश होगा, जो पार्टी आदेश करेगी, वही होगा. मेरा काम पहले दिन से यही रहा है कि इधर-उधर देखना नहीं है. मेरा काम अपनी पार्टी को मजबूत करना है, अपनी पार्टी को मजबूती के साथ चलाना है और यही काम मैं करूंगा. यही काम मैं कर रहा था.”
मुस्लिम वोट को लेकर भी दिया जवाब
मुस्लिम वोट को लेकर इमरान मसूद ने कांग्रेस को सभी वर्गों की पार्टी बताया. उन्होंने कहा, “मुस्लिम वोट का अकेले मुसलमान का तो यह नहीं है. आप यह कह सकते हैं कि मुसलमानों के वोट की वजह से कोई निर्णय होगा, क्योंकि कांग्रेस किसी जाति या धर्म की पार्टी तो है नहीं. कांग्रेस सबकी पार्टी है. सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है. तो यह तो आप कह नहीं सकते. कांग्रेस सबकी पार्टी है.”
