दिल्ली के उस्मानपुर में मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत; 9 साल का बेटा सुरक्षित

दिल्ली के उस्मानपुर में मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत; 9 साल का बेटा सुरक्षित

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में शनिवार देर रात एक मकान की छत गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची।

दमकल अधिकारियों के अनुसार करीब 120 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले ग्राउंड प्लस वन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में टिंकू (32) और उनकी पत्नी उर्मिला (30) मलबे में दब गए, जबकि उनका 9-10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गया।

स्थानीय निवासी बलबीर सिंह परमार ने बताया कि हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। मकान में पति, पत्नी और उनका छोटा बेटा रहते थे। छत गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

परमार ने बताया कि उन्होंने घायल पति को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दंपती

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय बीट कांस्टेबल को फोन कर सूचना दी। कुछ ही मिनटों में बीट अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस टीम, दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा या मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में बच गए बच्चे के परिजनों को सूचना दे दी गई है।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।