गंगोह के पहले IAS धनेन्द्र गर्ग का निधन: दिल्ली में एसी विस्फोट के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम
गंगोह के पहले आईएएस अधिकारी और 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ प्रशासक धनेन्द्र कुमार गर्ग (80) का निधन हो गया। परिवार के अनुसार दिल्ली के हौजखास स्थित आवास पर एसी फटने की घटना में वे घायल हुए थे, जिसके बाद एम्स में इलाज के दौरान सुबह उनका देहांत हो गया।
धनेन्द्र गर्ग ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में हरियाणा सरकार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और दूरसंचार विभाग सहित कई अहम पदों पर सेवाएं दीं। वे सेवानिवृत्ति के बाद दिल्ली में रह रहे थे।
गंगोह क्षेत्र में उन्हें विकासोन्मुख सोच और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के लिए याद किया जाता है। उनके निधन की खबर के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
