फतेहपुर पुलिस ने मुठभेड़ में एक गौकश को किया गिरफ्तार, दो साथी फरार
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा मय एक जिंदा व एक खोखा कारतूस 315 बोर, गौकशी के उपकरण एवं एक मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार थाना फतेहपुर पुलिस थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक विजय पाल सिंह व उपनिरीक्षक अमित सोनी के नेतृत्व में रात्रि के समय हिंडन नदी के पास के वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम इब्राहिमपुर में नदी के पास कुछ व्यक्ति गौकशी कर रहे हैं। पुलिस मुखबिर की सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर पहुंची तो झाड़ियों के पीछे तीन व्यक्ति गौकशी कर रहे हैं। पुलिस ने गौकशी करने वाले गौकशों को ललकारा तो गौकशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश दाहिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर दबोच लिया। जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। जिनकी तलाश में पुलिस ने काफी देर तक काम्बिंग भी की परंतु बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका।
दबोचे गए घायल गौकश की पहचान रफी उर्फ राफा पुत्र सलामू निवासी ग्राम चोबारा थाना फतेहपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा मय एक जिंदा व एक खोखा कारतूस 315 बोर, एक छूरी एवं एक बिना नम्बर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने दबोचे गए घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
