डीआईजी ने किया अत्याधुनिक एकीकृत नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन
सहारनपुर। परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुगम एवं कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्रदान करने के उद्देश्य पुलिस लाईन परिसर में एकीकृत नियंत्रण कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि इस नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी कैमरों का एकीकृत नेटवर्क तैयार किया गया है। जो महानगर के प्रमुख चैराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में स्थापित 350 अतयाधिक आईपी आधारित नाइट विजन सिक्योरटिी सीसीटीवी कैमरों को इस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त 650 कैम्रों से थाने स्तर से भी अपने-अपने क्षेत्र की निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद के समस्त विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा पूरे महानगर में स्थापित हाईटेक सीसीटीवी कैमरों को एक ही स्थान से चैबीस घंटे माॅनिटर किया जाएगा।
डीआईजी ने बताया कि डायल 112, ट्रैफिक कंट्रोल और स्थानीय पुलिस थानों द्वारा समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी सूचना पर पुलिस बल घटनास्थल पर बहुत ही कम समय में पहुंच सके। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक डिसप्ले वाॅल, जीपीएस ट्रैकिंग और हाईस्पीड डेटा नेटवर्किंग से लैस यह कंट्रोल रूम संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि त्यौहारों, वीआईपी मूवमेंट और बड़ी सभाओं के दौरान महानगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कंट्रोल रूम से सीधा समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंद, सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज पांडे, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक भी मौजूद रहे।
