पटाखों की बिक्री के लिए जिला प्रशासन ने किए चार स्थान चयनित
सहारनपुर [24CN] । थाना बिहारीगढ़ के गांव सतपुरा में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद एक्शन में आए जिला प्रशासन ने आबादी के क्षेत्र में खुली जगह पर पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। इस तरह अब पटाखों की बिक्री के लिए महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में चार स्थानों को चयनित किया गया है। गौरतलब है कि थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत गांव सतपुरा में एक पटाखा फैक्ट्री में हुई विस्फोट की घटना के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड पर आ गया है। इस बाबत अब आतिशबाजी की बिक्री की जगह के लाइसेंस को लेकर काम शुरू कर दिया गया है
सिटी मैजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी के नेतृत्व में कई स्थानों पर पटाखों के स्टॉक का भी निरीक्षण किया गया है। नगर मैजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि दीपावली पर अस्थाई रूप से पटाखों की खुली बिक्री के लिए लाइसेंस देने से पहले उन स्थानों पर आबादी व अन्य हालात की समीक्षा की जा रही है तथा उसी के आधार पर अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बाबत खुली जगह अग्निशमन के साधन और आसपास की आबादी के क्षेत्र सहित अन्य जरूरी सर्वे कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियम तोडऩे की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पटाखों की बिक्री के लिए अभी तक चार मुख्य स्थानों को चयनित कर लिया गया है। बाकी स्थानों को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार चयनित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।