कांग्रेसजनों ने एसएसपी से की मुलाकात, हाऊस अरेस्ट की कार्यवाही अविलम्ब रोके जाने की मांग

कांग्रेसजनों ने एसएसपी से की मुलाकात, हाऊस अरेस्ट की कार्यवाही अविलम्ब रोके जाने की मांग
सहारनपुर में एसएसपी से मिलने जाते कांग्रेसजन।

सहारनपुर। हाउस अरेस्ट किए जाने के मुद्दे को उठाते हुए इस कार्यवाही को अभिलंब रोकने की मांग को लेकर आज कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस कप्तान अभिनंदन से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से एसएसपी अभिनंदन से बात करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा व पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल व महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कप्तान साहब से जनपद में कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने के मुद्दे को उठाते हुए इस कार्यवाही को अभिलंब रोकने की मांग की गयी। उन्होंने कहा कि हमारा जनपद शांतिप्रिय जनपद है और यहां कभी कोई ऐसा कार्य नहीं होता, जिससे जनपद की कानून व्यवस्था बिगडे़। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 3-4 दिनों से लगातार हाउस अरेस्ट होने की वजह से कांग्रेस नेताओं के रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे है। इसलिए इस तरफ विशेष ध्यान देकर इस स्थिति को सामान्य किया जाए। इस पर कप्तान साहब ने शीघ्र स्थिति की समीक्षा कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कप्तान साहब को जिला कांग्रेस के एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बारे में सूचित किया।

संदीप राणा ने बताया कि कल दिनांक 25 जुलाई (शनिवार) को जिला कांग्रेस किसानों की समस्याओं को लेकर बेहट में एक शांतिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन करेगी और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन बेहट तहसील प्रशासन को सौंपेगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, एआईसीसी सदस्य चैधरी मुजफ्फर अली, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष/संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरेशी व जिला सचिव मनिंदर राणा शामिल रहे।