राहुल गांधी रायबरेली से ही चुनाव क्यों लड़ते हैं? CM मोहन यादव के सवाल पर कांग्रेस का पलटवार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के राहुल गांधी और नेहरू-गांधी परिवार को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने बीजेपी पर इतिहास की जानकारी नहीं होने का तंज कसते हुए कहा कि रायबरेली का नेहरू-गांधी परिवार से ऐतिहासिक रिश्ता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी देखकर बीजेपी घबराई हुई है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल ही में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर सवाल उठाया था कि नेहरू-गांधी परिवार दिल्ली से चुनाव क्यों नहीं लड़ता और चुनाव लड़ने के लिए रायबरेली ही क्यों जाता है। मुख्यमंत्री के इस सवाल पर अब कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने जवाब दिया है।
‘बीजेपी नेताओं को आजादी का इतिहास नहीं मालूम’
पीसी शर्मा ने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश की आजादी के इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि रायबरेली का नेहरू-गांधी परिवार से पुराना और भावनात्मक जुड़ाव रहा है।
उन्होंने दावा किया कि आजादी की लड़ाई के दौर में रायबरेली में किसानों का आंदोलन हुआ था। उस समय जवाहरलाल नेहरू लंबे समय तक रायबरेली में रहे और किसानों की समस्याओं को लेकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। पीसी शर्मा के मुताबिक, इसी ऐतिहासिक संबंध के कारण रायबरेली और नेहरू-गांधी परिवार का रिश्ता आज भी कायम है।
‘बीजेपी घबराहट में दे रही ऐसे बयान’
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान को राहुल गांधी के इंदौर दौरे से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश में युवाओं से मुलाकात कर रहे हैं और उनके कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल होना चाहते हैं।
पीसी शर्मा ने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में युवाओं का रजिस्ट्रेशन हो रहा है। उनके मुताबिक, इसी वजह से बीजेपी में घबराहट है और मुख्यमंत्री को राहुल गांधी पर टिप्पणी करने की जरूरत महसूस हुई।
राहुल गांधी के कार्यक्रम पर 10 लाख रुपये जमा कराने का दावा
पीसी शर्मा ने मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम को लेकर एक और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए 10 लाख रुपये जमा कराए गए हैं। कांग्रेस नेता ने इसे अभूतपूर्व बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।
उनका आरोप है कि सरकार को डर है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचेंगे और इससे राजनीतिक संदेश जाएगा। पीसी शर्मा ने दावा किया कि इसी वजह से कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की बाधाएं खड़ी की जा रही हैं, ताकि राहुल गांधी का कार्यक्रम रद्द हो या उसमें युवा बड़ी संख्या में शामिल न हो सकें।
‘युवाओं के मुद्दे उठाते ही बीजेपी में बेचैनी’
पीसी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं के भविष्य, पढ़ाई, स्कूल, परीक्षाओं और रोजगार जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं। कांग्रेस नेता का दावा है कि इन्हीं मुद्दों पर युवाओं की प्रतिक्रिया देखकर बीजेपी परेशान है।
उन्होंने कहा कि अगर इंदौर में बड़ी संख्या में युवा और Gen-Z राहुल गांधी के कार्यक्रम में जुटते हैं, तो इसका असर मध्य प्रदेश की राजनीति पर भी दिखाई दे सकता है।
इस पूरे विवाद के बीच एक तरफ मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम को मध्य प्रदेश में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बता रही है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी के इंदौर दौरे और युवाओं से उनके संवाद का प्रदेश की सियासत पर कितना असर पड़ता है।
