CM धामी का निशाना, ‘जनादेश का सम्मान करना नहीं जानती कांग्रेस’
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार (22 अक्टूबर) को देहरादून स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा प्रहार किया. मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि देशभर में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, जिस के जवाब में बीजेपी पूरे देश में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है. जिस क्रम में 31 अक्टूबर को श्रीनगर गढ़वाल में इस अभियान के तहत बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होगा.
इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में बीजेपी कार्यकर्ता पदयात्राएं निकालकर जनता के बीच पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों और फैसलों को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ इस अभियान की शुरुआत की जा रही है. श्रीनगर के अतिरिक्त 2 नवंबर को देहरादून और 3 नवंबर को उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में आयोजन किए जाएंगे.
कांग्रेस पार्टी नहीं जानती जनादेश का सम्मान करना
कांग्रेस पर हमलावर होते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनादेश का सम्मान करना नहीं जानती. चुनावी हार के बाद अपनी कमियां स्वीकारने के बजाय कांग्रेस सरकारी व्यवस्था और लोकतंत्र को ही कठघरे में खड़ा करने का काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने सलाह देते हुए कहा हर बार हार का ठीकरा लोकतंत्र पर फोड़ने से बेहतर है कि विपक्ष अपनी राजनीति और रणनीति की ईमानदारी से समीक्षा करें. राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने अजीत डोभाल और जनरल बिपिन रावत को लेकर जो टिप्पणियां कीं उन्हें उत्तराखंड और देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी.
बीजेपी GenZ पीढ़ी के साथ मजबूती से खड़ी
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश के नौजवानों को विपक्ष मुखौटे की तरह इस्तेमाल कर रहा है, जबकि बीजेपी जेन z पीढ़ी के साथ मजबूती से खड़ी है. सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है औऱ जनता को गुमराह करने की विपक्ष की हर कोशिश को बीजेपी लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के जरिए विफल करने का काम करेगी.
