नकुड़ में एक ही रात में दो मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना, शिव मंदिर का दानपात्र उखाड़ ले गए चोर, नगरवासियों में रोष

नकुड़ में एक ही रात में दो मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना, शिव मंदिर का दानपात्र उखाड़ ले गए चोर, नगरवासियों में रोष

नकुड़ [इंद्रेश]: सहारनपुर के नकुड़ में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से नगरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। बीती रात अज्ञात चोरों ने नगर के दो मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। तहसील परिसर के पास स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोर पूरा दानपात्र ही उखाड़ ले गए। वहीं मोहल्ला महादेव स्थित मंदिर से नकदी और कटिंग मशीन चोरी कर ली गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी तो टूटा मिला मंदिर का ताला

जानकारी के अनुसार, नकुड़ तहसील परिसर के पास स्थित शिव मंदिर में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने पहले मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर पूरा दानपात्र ही उखाड़कर अपने साथ ले गए।

घटना का पता गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उस समय चला, जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मुख्य द्वार का ताला टूटा देखकर उन्होंने तत्काल मंदिर प्रबंध समिति को सूचना दी। समिति के सदस्यों ने अंदर जाकर देखा तो दानपात्र गायब मिला।

इसके बाद प्रबंध समिति ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। मंदिर समिति की ओर से कोतवाली में लिखित तहरीर भी दी गई है।

महादेव मंदिर से नकदी और कटिंग मशीन चोरी

इसी रात चोरों ने नगर के मोहल्ला महादेव स्थित महादेव मंदिर को भी निशाना बनाया। यहां निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री राकेश के कपड़ों से अज्ञात चोरों ने एक हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा उनकी कटिंग मशीन भी चोर अपने साथ ले गए।

एक ही रात में दो मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नगरवासियों में लगातार हो रही वारदातों को लेकर असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

पहले भी लाखों के गहने और दुकान से सामान उड़ा चुके हैं चोर

गौरतलब है कि नकुड़ में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 11 अक्टूबर को भी अज्ञात चोरों ने शेखर विहार निवासी ऋषिपाल प्रजापति के मकान में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे। उसी रात जैन चौक के पास स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाते हुए हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया था।

इन दोनों घटनाओं का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में अब एक ही रात में दो मंदिरों में चोरी होने से नगरवासियों का आक्रोश और बढ़ गया है। लगातार सामने आ रही वारदातों के बीच पुलिस के सामने चोरों का सुराग लगाना और घटनाओं का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया है।

Leave a Reply