मीटर बदलने को लेकर विद्युत टीम और लोगों में नोकझोंक
महिलाओं से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया विरोध, मुकदमा दर्ज
देवबंद। नगर के मोहल्ला किला में सोमवार को मीटर बदलने को लेकर विद्युत निगम की टीम और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। हंगामे के बाद विद्युत निगम की टीम को वापस लौटना पड़ा। मामले में पुलिस ने विद्युत निगम की तहरीर के आधार पर चार नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत निगम की टीम उपखंड अधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम मोहल्ला किला स्थित एक परिसर में पहुंची। वहां लगे विद्युत मीटर की रीडिंग में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए टीम ने मीटर बदलने की कार्रवाई शुरू की।
आरोप है कि घर की एक महिला ने मीटर बदलने का विरोध किया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे भाकियू (टिकैत) से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम की टीम पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति हंगामे में बदल गई।
हंगामे के चलते विद्युत निगम की टीम को मौके से वापस लौटना पड़ा। विद्युत निगम के जेई (मीटर) सुरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि एक परिसर में नया मीटर लगाया जा रहा था, जिसका घर की महिलाओं ने विरोध किया। उन्होंने टीम पर अभद्र व्यवहार के आरोपों को निराधार बताया।
बाद में उपखंड अधिकारी संतोष कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। सीओ अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
