भाजपा ने की जनपद की सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया के बीच आज भाजपा हाईकमान ने जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है जिनमें हाल ही में कांग्रेस छोड़कर आए बेहट विधायक नरेश सैनी को भाजपा ने बेहट विधानसभा सीट पर अपना प्रत्याशी बनाया है।

गौरतलब है कि गत विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर डा. धर्मसिंह सैनी ने नकुड़, देवेंद्र निम ने रामपुर मनिहारान, कुंवर बृजेश सिंह ने देवबंद व प्रदीप चौधरी ने गंगोह विधानसभा सीटों पर अपना परचम लहराया था। बाद में प्रदीप चौधरी के कैराना लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने के चलते गंगोह सीट पर हुए उपचुनाव में चौ. कीरत सिंह ने जीत हासिल की थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा के वर्तमान में होने वाले चुनाव में राजनीतिक हलकों में जनपद के भाजपा विधायकों के टिकट काटने की चर्चाएं गूंज रही थी।

इसी दौरान नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक व आयुष राज्यमंत्री डा. धर्मसिंह सैनी ने भाजपा को अलविदा कहकर सपा का दामन थाम लिया। आज भाजपा हाईकमान द्वारा जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं जिनमें बेहट विधानसभा सीट पर हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नरेश सैनी पर दांव खेला गया है।

जबकि डा. धर्मसिंह सैनी के सपा में शामिल होने के कारण नकुड़ विधानसभा सीट पर बलियाखेड़ी के पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। सहारनपुर नगर सीट से राजीव गुम्बर को प्रत्याशी बनाया गया है। देहात विधानसभा सीट से बसपा छोड़कर आए पूर्व विधायक जगपाल सिंह पर विश्वास जताया गया है।

रामपुर मनिहारान में वर्तमान विधायक देवेंद्र निम तथा देवबंद में भी वर्तमान विधायक कुंवर बृजेश सिंह पर दांव खेला गया है। इसके अलावा गंगोह में वर्तमान विधायक चौ. कीरत सिंह पर विश्वास जताया गया है। हालांकि भाजपा हाईकमान द्वारा आज घोषित किए गए प्रत्याशियों में बेहट व सहारनपुर देहात पर अन्य दलों से आए प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी गई है।

जबकि बेहट विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा पिछले पांच सालों से जनता के बीच काम कर रहे थे। जबकि सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र में बलियाखेड़ी के पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश चौधरी द्वारा मजबूत दावेदारी पेश की जा रही थी। हालांकि डा. धर्मसिंह सैनी के सपा में जाने के चलते मुकेश चौधरी को नकुड़ सीट से प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने जनपद में गुर्जर समाज को साधने का प्रयास किया है।