यूपी के 1.28 लाख शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़कर ₹18 हजार; दो महीने के लिए ₹460 करोड़ जारी
उत्तर प्रदेश के करीब 1.28 लाख शिक्षामित्रों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी के बाद सितंबर और अक्टूबर 2026 के भुगतान के लिए ₹460.23 करोड़ की धनराशि जारी की है। शैक्षिक सत्र 2026-27 में कार्यरत कुल 1,27,841 शिक्षामित्रों को बढ़ी हुई दर पर मानदेय का लाभ मिलेगा।
सितंबर और अक्टूबर के लिए ₹460.23 करोड़
शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹18 हजार प्रतिमाह किया गया है। बढ़ी हुई दर के अनुसार सितंबर महीने के मानदेय के लिए ₹230.11 करोड़ और अक्टूबर महीने के लिए भी ₹230.11 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। इस तरह दोनों महीनों के लिए कुल ₹460.23 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
शिक्षामित्रों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जनपदों को निर्धारित आवंटन के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपदवार धनराशि का आवंटन कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
मानदेय में 80 फीसदी की बढ़ोतरी
योगी सरकार की ओर से शिक्षामित्रों के मानदेय में ₹8 हजार प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। इसके बाद मानदेय ₹10 हजार से बढ़कर ₹18 हजार प्रतिमाह हो गया है। यानी शिक्षामित्रों के मानदेय में 80 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
सरकार के अनुसार, बढ़े हुए मानदेय से प्रदेश के लगभग 1.28 लाख शिक्षामित्रों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि इससे शिक्षामित्रों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे विद्यालयों में अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कर सकेंगे।
विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी होगा लाभ
मानदेय में वृद्धि को शिक्षामित्रों के आर्थिक हितों से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि आर्थिक संबल मिलने से शिक्षामित्र विद्यालयों में विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने में योगदान दे सकेंगे।
