कुरुक्षेत्र में बवाल, महायज्ञ में ब्राह्मणों को घटिया खाना देने पर हुई गोलीबारी; इलाके में तनाव का माहौल

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 18 मार्च से शुरू हुए 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो गया है। घायल ब्राह्मण को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ब्राह्मण को गोली लगने के बाद विवाद बढ़ने पर वेद पाठियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया है।
घटिया खाना देने के आरोप में शुरू हुआ हंगामा
हंगामा उस समय शुरू हुआ, जब वेद पाठियों ने यज्ञ सम्राट पर घटिया खाना देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया। बताया जा रहा है कि हंगामा बढ़ने पर यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम के अंगरक्षक ने गोली चला दी। इसमें एक पाठी घायल हो गया। उसे स्थानीय लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
यज्ञ पाठियों ने शुरू की तोड़फोड़
पाठी को गोली लगने के बाद सभी पाठियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने पंडाल और होर्डिंग-बैनर को तोड़ना शुरू कर दिया। उनके बीच के डंडे निकाल लिए और हवा में लहराते हुए बाबा को गालियां देते हुए सड़क पर आ गए। यहां उन्होंने सड़क पर अवरोधक लगाकर जाम लगा दिया।
भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति तनावपूर्ण
स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पाठी सड़क और केशव पार्क में लाठियां लहराते घूम रहे हैं। पुलिस की वाजरा वाहन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर खड़ी हैं।