अमेरिका ने धुआं-धुआं किया ईरान, तेल पर लगाया बैन तो तेहरान ने दे डाली चेतावनी, कहा- ‘अभी 20 दिन भी नहीं हुए…’

अमेरिका ने धुआं-धुआं किया ईरान, तेल पर लगाया बैन तो तेहरान ने दे डाली चेतावनी, कहा- ‘अभी 20 दिन भी नहीं हुए…’

अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए युद्धविराम समझौते पर एक बार फिर गंभीर संकट खड़ा हो गया है. ईरान ने अमेरिका पर इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) का खुला उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात पर लगी पाबंदियों में दी गई अस्थायी राहत वापस लेकर समझौते की शर्तों को तोड़ा है. इसी बीच दक्षिणी ईरान के सिरिक, केशम और बंदर अब्बास में कई धमाकों की खबरें सामने आई हैं, जबकि अमेरिकी हमलों में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है.

ईरान ने अमेरिका पर समझौता तोड़ने का लगाया आरोप

ईरान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा ईरान के तेल निर्यात पर दी गई अस्थायी छूट (जनरल लाइसेंस) वापस लेना 18 जून 2026 को हुए युद्धविराम समझौते के अनुच्छेद-10 का स्पष्ट और गंभीर उल्लंघन है. मंत्रालय ने इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसके सभी परिणामों की जिम्मेदारी पूरी तरह अमेरिका की होगी.

’20 दिन में ही बदल गया अमेरिका का रुख’

ईरान ने कहा कि इस्लामाबाद समझौते पर हस्ताक्षर के 20 दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि अमेरिका ने 3 जुलाई 2026 को जारी जनरल लाइसेंस रद्द करने का ऐलान कर दिया. विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह अमेरिकी प्रशासन की बुरी नीयत, अस्थिर नीति और अविश्वसनीय रवैये का एक और उदाहरण है. ईरान का आरोप है कि पिछले 20 दिनों के दौरान अमेरिका ने सीधे तौर पर या लेबनान के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई के जरिए समझौते की कई शर्तों का बार-बार उल्लंघन किया.

‘ईरान ने पूरी ईमानदारी से निभाई अपनी जिम्मेदारी’

विदेश मंत्रालय ने कहा कि 18 जून को समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद ईरान ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी सभी जिम्मेदारियां निभाईं. इसके बावजूद अमेरिका लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर अपने दायित्वों से पीछे हटता रहा और समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया

राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्रवाई की चेतावनी

ईरान ने स्पष्ट कहा कि अमेरिका की ओर से किए गए इस उल्लंघन के गंभीर परिणाम होंगे. विदेश मंत्रालय ने कहा कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए ईरान हर आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है.

सिरिक, केशम और बंदर अब्बास में कई धमाके

इसी बीच दक्षिणी ईरान के सिरिक, केशम द्वीप और बंदर अब्बास में कई धमाकों की खबरें सामने आई हैं. सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार सिरिक के एक व्यावसायिक बंदरगाह पर दुश्मन के प्रोजेक्टाइल के टकराने के बाद उसके टुकड़े आसपास गिरे, जिससे कई लोग घायल हो गए. सभी घायलों को मिनाब अस्पताल में भर्ती कराया गया है.