चुनाव आयोग को SC के नोटिस पर बोले फारूक अब्दुल्ला, ‘मुझे खुशी है कि…’

चुनाव आयोग को SC के नोटिस पर बोले फारूक अब्दुल्ला, ‘मुझे खुशी है कि…’

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार (05 अक्टूबर) को चुनाव आयुक्त के फैसलों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के नोटिस का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की बहुत खुशी है कि शीर्ष अदालत ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. उन्होंने यह बात पार्टी की एक बैठक के बाद कही.

श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय के बाहर मीडिया के साथ बातचीत में पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ”मुख्य चुनाव आयुक्त ने दोनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी के बिना फैसले लिए, मुझे खुशी है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस पर संज्ञान लिया. हमें उम्मीद है कि वो मामले को देखेगा और गलतियों को सुधारेगा.”

श्रीनगर के 8 विधायकों, वार्ड अध्यक्षों से बातचीत

उन्होंने आगे बताया कि यह बैठक संगठन को मजबूत करने और उन कमियों की पहचान करने के लिए बुलाई गई थी जिन्हें दूर करने की जरूरत है. पूर्व सीएम ने कहा, “यह बैठक पार्टी को मजबूत करने के लिए बुलाई गई थी.” उन्होंने बताया कि श्रीनगर के आठ विधायकों, वार्ड अध्यक्षों और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की गई.

पार्टी के नए संविधान के बारे में क्या बोले फारूक अब्दुल्ला

फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “हमने उनसे उन कमियों के बारे में बात की जिन्हें दूर करने की जरूरत है.” पार्टी के नए संविधान के बारे में उन्होंने कहा कि जरूरी आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही इसे जनता के सामने पेश किया जाएगा. उन्होंने कहा, “सबसे पहले, हम इसे अपनी कार्यसमिति के सामने रखेंगे. इसके मंजूर होने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.” जम्मू-कश्मीर में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों के बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस का दोतरफा फोकस है – संगठन में बदलाव और चुनाव आयोग से जुड़ी कानूनी कार्यवाही में शामिल होना.

इससे पहले रविवार (04 अक्टूबर) को फारूक अब्दुल्ला ने सीईसी ज्ञानेश कुमार से जुड़े मौजूदा विवाद पर पूछे गए सवाल पर कहा था, ”सबसे बड़ी गलती जवाहरलाल नेहरू के प्रशासन ने की थी. चुनाव आयोग को पूरी तरह से स्वतंत्र होना चाहिए था. आज वो हम भुगत रहे हैं. अगर चुनाव आयोग स्वायत्त होता तो आज ऐसी हालत नहीं होती.”

Leave a Reply