एसडीएम के आश्वासन पर भाकियू रक्षक ने स्थगित किया काले झंडे दिखाने का कार्यक्रम
कस्बे की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा, बस अड्डे पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर चल रहा है आंदोलन
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन रक्षक के कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार सुबह कस्बे के बस अड्डे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने का प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। उप जिलाधिकारी देवबंद विजय प्रताप सिंह की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद संगठन ने यह निर्णय लिया।
सोमवार दोपहर उप जिलाधिकारी देवबंद विजय प्रताप सिंह ब्लॉक चौराहा स्थित भाकियू रक्षक के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह एवं अन्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर कस्बे की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। संगठन पदाधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को एसडीएम के सामने रखा।
एसडीएम विजय प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद भाकियू रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को काले झंडे दिखाने का निर्णय वापस लेते हुए कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि स्टेट हाईवे-59 कस्बे के बस अड्डे से होकर गुजरता है। उनके अनुसार, यहां सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बस अड्डे पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर भाकियू रक्षक पिछले कई वर्षों से धरना-प्रदर्शन करता रहा है और शासन-प्रशासन के अधिकारियों से लगातार मांग उठाता रहा है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत के दौरान बस अड्डे पर काले झंडे दिखाकर विरोध जताने का निर्णय लिया था। हालांकि, एसडीएम से हुई वार्ता और समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद संगठन ने अपना विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव, जितेंद्र चौधरी, बिल्लू त्यागी, गजेंद्र नौसरान, राहुल फौजी, वीरेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, मोहित, अमरीश मास्टर, शीशपाल सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
