महापौर ने छड़ी पूजन के साथ किया छड़ी मेले का शुभारंभ
सहारनपुर। श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेला गुघाल के छड़ी मेले का शुभारंभ सोमवार को नगर निगम परिसर में विधिवत छड़ी पूजन के साथ किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार, संघ के विभाग प्रचारक कुलदीप कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम, नगरायुक्त शिपू गिरि, उपसभापति मयंक गर्ग, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़ तथा मेला संयोजक संजय सैनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने छड़ी पूजन किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज से मेला गुघाल के निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण आयोजन तथा महानगर में सद्भाव, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की कामना की।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मेला गुघाल सहारनपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। यह समता, समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मेले को इस बार और अधिक भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए नगर निगम की ओर से व्यवस्थाओं और विकास की दृष्टि से कई कार्य कराए गए हैं। मेला क्षेत्र में सड़कों को चौड़ा एवं पक्का कराया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि मेला पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित हो। उन्होंने शहरवासियों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
नगर विधायक राजीव गुंबर, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम तथा संघ के विभाग प्रचारक कुलदीप कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेला गुघाल सहारनपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे सद्भाव के प्रतीक के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम का संचालन सह-संयोजक रवि जुनेजा ने किया। अन्य सह-संयोजक अमित गर्ग, हनी वर्मा, मोहित पुरी और भोला तथा संयोजक मुकेश गक्खड़ ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मेला सह-संयोजक एवं पार्षद सीमा कात्यायनी, ज्योति अग्रवाल, सह-संयोजक पार्षदों के प्रतिनिधि अनिल शर्मा एवं नितिन जाटव सहित अनेक पार्षद मौजूद रहे। छड़ी पूजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय राणा, व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, रोहित घई, संजय गक्खड़, नीरज अरोड़ा, रविंद्र मिगलानी, योगेश दुआ, कर्नल संजय मिड्ढा सहित शहर के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
