बिजली चोरी पर शिकंजा कसने की तैयारी
देवबंद में चोरी बाहुल्य क्षेत्रों में होगी मॉर्निंग रेड, मीटर और सर्विस केबल की भी जांच
देवबंद। नगर में बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से विद्युत निगम के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। लखनऊ से प्राप्त रिपोर्ट में नगर के कुछ क्षेत्रों में बिजली चोरी की स्थिति गंभीर पाए जाने के बाद निगम ने अब बड़े अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। चोरी बाहुल्य क्षेत्रों में मॉर्निंग रेड के साथ मीटर और सर्विस केबल की भी जांच की जाएगी।
शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह में हुई बैठक में निगम के अधीक्षण अभियंता मोहम्मद अरशद, सागर, राहुल शर्मा और धर्मपाल राजपूत ने फीडर नंबर दो, तीन, पांच और 1-ए के चोरी बाहुल्य क्षेत्रों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मॉर्निंग रेड, मीटरों को बाहर लगाने, सर्विस केबल में कट पाए जाने पर कार्रवाई और लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर बिजली चोरी नहीं रुकने के कारणों की भी जानकारी ली और अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए सख्त निर्देश दिए।
उपखंड अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं का डेटाबेस तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ताओं को भी चिह्नित किया गया है, जिनके मीटर में अपेक्षाकृत कम रीडिंग आ रही है या मीटर में गड़बड़ी की आशंका है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के घरों से जांच अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के लिए स्थानीय स्तर पर चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें चोरी बाहुल्य क्षेत्रों में घर-घर जाकर मीटर, सर्विस केबल और बिजली कनेक्शन की जांच करेंगी।
विद्युत निगम ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान बिजली चोरी या कनेक्शन में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता अंकित कुमार वशिष्ठ, एसडीओ लव कुमार, अवर अभियंता विष्णु कोठारी, विजय कुमार शर्मा, मोहम्मद जीशान, रिंकू कुमार, संदीप कुमार और प्रेम सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
