जीआईसी सभागार में होंगे मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रम

जीआईसी सभागार में होंगे मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रम
नगरायुक्त शिपू गिरि व उपसभापति मयंक गर्ग तथा स्थल का निरीक्षण करते अधिकारी और पार्षदगण।

महापौर व नगरायुक्त ने अधिकारियों के साथ महाड़ी और मेला स्थलों का किया निरीक्षण

सहारनपुर। दंगल और मुशायरा समेत कुछ आयोजनों को छोड़कर मेला गुघाल के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम नेहरू मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित किए जाएंगे। महापौर डॉ. अजय कुमार ने स्थल का निरीक्षण करने और अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया।

मेला गुघाल की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने मेला अधिकारी प्रदीप यादव समेत नगर निगम के अधिकारियों के साथ महाड़ी स्थल, भैरव मंदिर के निकट मेला स्थल, जुबली पार्क और जीआईसी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपसभापति मयंक गर्ग, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय चौहान समेत कई पार्षद भी मौजूद रहे।

महाड़ी स्थल पर सफाई और प्रवेश व्यवस्था के निर्देश

महापौर और नगरायुक्त ने महाड़ी स्थल पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करने, दीवारों पर रंगाई-पुताई कराने और श्रद्धालुओं के प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालय निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने को भी कहा।

भैरव मंदिर के निकट मेला स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने मेले के दौरान फव्वारे को नियमित रूप से संचालित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यक स्थानों पर रंगाई-पुताई कराने और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इससे पहले महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि और उपसभापति मयंक गर्ग ने महाड़ी स्थल पर नेजा के सामने नतमस्तक होकर श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज से मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने और शहर में अमन-चैन की मंगलकामना की।

यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस

जीआईसी के नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का निरीक्षण करने के बाद महापौर ने बताया कि दंगल आदि कुछ कार्यक्रमों को छोड़कर मेले के बाकी सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम यहीं आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के दौरान कॉलेज के तिब्बती मार्केट वाले गेट का भी इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही नेहरू मार्केट और प्रताप मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा।

जुबली पार्क का निरीक्षण करते हुए महापौर ने श्रीरामलीला स्थल की साफ-सफाई कराने और मंचीय स्थल को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने उद्यान विभाग को अंबाला रोड और गंगोह रोड समेत प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों पर घास की कटाई और साफ-सफाई कराने को कहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आयोजन समिति गठित

मेला गुघाल के सांस्कृतिक आयोजनों के संचालन के लिए महापौर ने वार्ड 48 के पार्षद दिग्विजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजन समिति गठित की है। समिति में वार्ड 10 की पार्षद रेनू शर्मा और वार्ड 13 की पार्षद आरती को भी शामिल किया गया है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश गक्खड़, ज्योति अग्रवाल, चौ. वीरसैन सिद्धू, नीरज शर्मा, समीर अंसारी, वीरेंद्र उपाध्याय, संजय सैनी, पार्षद प्रतिनिधि नीरज दिवाकर, राकेश कल्याण, अनिल शर्मा समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply