कलेक्ट्रेट में सघन चेकिंग, वाहनों की भी ली गई तलाशी
जुमे की नमाज को लेकर जिले में हाई अलर्ट, जिला मुख्यालय पर बढ़ाई गई सतर्कता
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर जिला पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले लोगों की तलाशी लेने के साथ उनके वाहनों की भी जांच की गई।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों पर पुलिसकर्मियों ने विशेष नजर रखी। वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी गई।
मस्जिद प्रकरण और जुमे की नमाज को देखते हुए जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। जिला मुख्यालय पर सुरक्षा बढ़ाए जाने के चलते कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रही।
